सल्ट/ तराई के नम और निचले भूभागों में पाए जाने वाला इंडियन रॉक पायथन अब पहाड़ों की ओर रुख कर रहा है। गुरुवार को सल्ट क्षेत्र के डभरा सौराल गांव में आबादी के बीच विशालकाय अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू करके जंगल में छोड़ दिया।
तल्ला सल्ट स्थित मोहान रेंज के अंतर्गत डभरा सौराल गांव में ग्रामीणों ने एक विशाल अजगर को देखा।
आबादी के बीच इतने बड़े सरीसृप की मौजूदगी से लोग हैरत में पड़ गए। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी अधिकारी गंगा शरण के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा भुवन जोशी, मोहित आर्या व वन आरक्षी राजीव पांडे और राजेंद्र बगड्वाल ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग ने रेस्क्यू के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास वाले सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। वन्यजीव विशेषज्ञ ए.जी. अंसारी के मुताबिक इंडियन रॉक पायथन सामान्यतः तराई के नम और गर्म भूभागों में पाया जाता है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में इसकी मौजूदगी असामान्य है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रहे तापमान और जलवायु परिवर्तन के कारण वन्यजीव अपने पारंपरिक आवास छोड़कर नए क्षेत्रों की ओर पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कुमरिया क्षेत्र तक विशाल अजगरों के देखे जाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं परन्तु सल्ट जैसे ऊंचे भूभाग तक इनका पहुंचना इस बात का संकेत है कि कोसी जलागम क्षेत्र भी अब जलवायु परिवर्तन के प्रभाव की चपेट में आ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती गर्मी वन्यजीवों के व्यवहार और आवास दोनों को प्रभावित कर रही है।