पिथौरागढ़/ उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ और उसके आस-पास के क्षेत्रों में शुक्रवार 6 नवंबर 2026 की शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.5 मैग्नीट्यूड मापी गई।
भूकंप का झटका शाम को लगभग 7:50 बजे आया जिसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले के नेकल धुरा क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अचानक धरती हिलने के कारण स्थानीय निवासियों में कुछ वक्त के लिए अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर लोग तुरंत अपने घरों और दुकानों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले।
हालांकि तीव्रता कम होने के कारण इस भूकंप से किसी बड़े खतरे की स्थिति पैदा नहीं हुई। जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
और आपातकालीन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल सीमा के नजदीक होने और सीस्मिक जोन में आने के कारण पिथौरागढ़ जिला भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है जिससे क्षेत्र में समय-समय पर ऐसे हल्के झटके दर्ज किए जाते रहे हैं।