लखनऊ/ आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड ) का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा संवेदनशील इलाकों में जनसुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। श्रावस्ती-बहराइच समेत आठ जिलों में रेड अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक 26 सितंबर सुबह 8:30 बजे से 27 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश के पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
लखनऊ और कानपुर में भी लगातार बारिश:-
राजधानी लखनऊ और कानपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में बारिश का दौर जारी है। लखनऊ एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे के बीच 86.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण लखनऊ के कई निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। कानपुर में भी कई स्थानों पर लगातार बारिश से यातायात प्रभावित हुआ है। कानपुर नगर में 24 घंटे में 32.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के बांदा में 146 मिलीमीटर, बहराइच में 103.6 मिलीमीटर, बाराबंकी में 62.4 मिलीमीटर और हमीरपुर में 54 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हरदोई में 37, लखीमपुर खीरी में 35 और शाहजहांपुर में 33.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गहरे दबाव के कारण सक्रिय हुआ मानसून लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हुई हैं। इसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, तराई और मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश के साथ गरज चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और जलभराव तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा:-
मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
लगातार बारिश के बीच प्रदेश की प्रमुख नदियों घाघरा, सरयू, राप्ती, शारदा, गंगा, रामगंगा और गोमती के जलग्रहण क्षेत्रों पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। तराई और पूर्वांचल के नदी किनारे वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या और बलिया समेत नदी तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने और जलभराव की स्थिति पर निगरानी की जा रही है। राप्ती नदी के बलरामपुर क्षेत्र में भी जलस्तर में वृद्धि को लेकर निगरानी जारी है। बारिश बढ़ने की स्थिति में निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद:-
भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। लखनऊ में शनिवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के स्कूलों के साथ उच्च शिक्षण, तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों में मे भी शिक्षण कार्य स्थगित किया गया है। अन्य जिलों में स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी:-
लगातार बारिश और जलभराव के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और जाम लगने की संभावना को देखते हुए यात्रियों से उड़ान के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले एयरपोर्ट पहुंचने को कहा गया है।
27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना:-
मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, तराई और मध्य क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है। लोगों से स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों और निर्देशों का