रुद्रप्रयाग/ उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में दीपावली का पर्व श्रद्धा, उल्लास के साथ आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया जा रहा है। दीपोत्सव के पावन अवसर पर बाबा केदारनाथ के भव्य मंदिर को लगभग 20 क्विंटल गेंदे सहित अलग-अलग प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूलों की मनमोहक सजावट और सुगंध से संपूर्ण मंदिर परिसर महक उठा है।
वहीं चारों ओर फैली हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं के बीच फूलों से सजे बाबा केदार के दिव्य मंदिर की अनुपम छटा श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही है। बाबा केदारनाथ के धाम में दीपावली का पर्व विशेष धार्मिक महत्व रखता है। मंदिर के कपाट खुलने और शीतकाल के लिए बंद होने से पूर्व विशेष अवसरों पर मंदिर को फूलों से सजाने की परंपरा रही है। इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर मंदिर को भव्य पुष्प श्रृंगार से सजाकर उसकी दिव्यता और आकर्षण को नया स्वरूप दिया गया है। आगामी 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने हैं।
इससे पूर्व दीपोत्सव मनाने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों का धाम पहुंचना जारी है। श्रद्धालु मंदिर के मनोहारी श्रृंगार के दर्शन कर बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी के मुताबिक मंदिर की भव्यता, दिव्यता और धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मंदिर समिति की ओर से बाबा केदारनाथ के दरबार को फूलों से सजाया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति है। मंदिर के आकर्षक पुष्प श्रृंगार को देखकर श्रद्धालु भी अभिभूत हैं।
One thought on “दीपावली के पावन पर्व के लिए 20 कुंतल से अधिक फूलों से सजाया गया विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम, मंदिर का पुष्प श्रृंगार देखकर अभिभूत हुए श्रद्धालु।”