रुद्रप्रयाग/ शीत ऋतु के आने के साथ ही जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपवन संरक्षक रुद्रप्रयाग विनीत कुमार ने कहा कि शीतकाल को देखते हुए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की सभी रेंजों को सतर्कता बरतने और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
साथ ही ग्रामीणों को सतर्कता के उद्देश्य से सीटी भी वितरित की जा रही हैं वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि सुबह और शाम के वक्त अकेले जंगल की ओर न जाएं तथा बच्चों और पालतू पशुओं को अकेला न छोड़ें। वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने अथवा शोर मचाने से बचें और तत्काल वन विभाग या नजदीकी वन चौकी को सूचना दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनसहभागिता और सतर्कता से ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है।