हिमाचल प्रदेश/ चंबा जिले में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है यहां बुधवार देर रात लगभग 2 बजे मसरूंड-हमल सड़क मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा समाया। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं जबकि अन्य एक व्यक्ति की भी जान गई है।
मुंडन संस्कार से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव के रहने वाले थे। ये लोग पास के काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग बोलेरो वाहन से अपने घर लौट रहे थे।
तभी अचानक वाहन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सीधा गहरी खाई में जा समाया।
रेस्क्यू में आई भारी मुश्किलें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने खुद खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने में मदद की।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना स्थल पर क्रैश बैरियर नहीं लगे थे। उनका कहना है कि यदि सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम मौजूद होते तो शायद इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।