देहरादून/ केदारनाथ धाम की यात्रा की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने जा रहे हैं लेकिन उससे पहले हेलीकॉप्टर सेवा की टिकट बुकिंग को लेकर तारीख में बदलाव किया गया है। अब केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग 15 अप्रैल शाम 6 बजे से शुरू होगी। पहले यह बुकिंग 11 अप्रैल से शुरू होनी थी परन्तु तकनीकी व अन्य कारणों के चलते इसे आगे बढ़ा दिया गया।
यूकाडा के दिशा-निर्देशों के मुताबिक आईआरसीटीसी ने हेली शटल सेवा की बुकिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सिर्फ ऑनलाइन होगी बुकिंग
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ हेली सेवा के सभी टिकट केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही उपलब्ध होंगे। किसी भी अन्य वेबसाइट, एजेंट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए टिकट बुकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।
साइबर ठगी से रहें सावधान
हर साल की तरह इस बार भी हेलीकॉप्टर टिकटों की भारी मांग रहेगी जिसका फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो जाते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और कई फर्जी वेबसाइट्स व सोशल मीडिया पेजों को बंद भी कराया है। श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
पहले चरण में कब तक की होगी बुकिंग
हेली सेवा की बुकिंग पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में आगे की तारीखों के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।
कितना होगा हेलीकॉप्टर का किराया
अगर किराए की बात करें तो हेलीकॉप्टर से केदारनाथ की राउंड ट्रिप के लिए अलग-अलग जगह के हिसाब से अनुमानित शुल्क तय किया गया है।
सिरसी से यात्रा का किराया लगभग ₹6,390, फाटा से लगभग ₹10,164 और गुप्तकाशी से लगभग ₹12,762 रखा गया है।
चारधाम यात्रा की तारीखें
चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे जबकि हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलेंगे।