रूद्रपुर/ पिथौरागढ़ से माल लेने आए एक ट्रक चालक को उसके ही ट्रक में मृत हालत में पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक का निरीक्षण किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंचे उसके परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखकर हत्या का सन्देह जताया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेफ एक्सप्रेस कोरियर कम्पनी के ट्रक संख्या यूके 04 सीसी 0866 का चालक ग्राम धुरा सूखी ढाम जिला चम्पावत निवासी दर्शन सिंह पुत्र स्व- दयाल सिंह शनिवार को सायं कालीनगर दिनेशपुर में एक कम्पनी से माल लेने आया था। उसने ट्रक को चण्डीपुर रोड़ पर कम्पनी के बाहर खड़ा किया और ट्रक में ही सो गया। बताया जा रहा है कि आज सुबह 6 बजे उसे बुलाने गये तो वह सीट पर बेसुध पाया गया। काफी उठाने पर भी वह नहीं उठा तो आस पास खड़े कई लोग आ गये। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दर्शन को उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर उसके परिजनों को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर यहां आए मृतक के भाई कैलाश सिंह, पत्नी ललिता देवी व अन्य परिजनों ने बताया कि शव देखने पर पता चला कि दर्शन सिंह के शरीर पर चोटों के निशान हैं जिस पर उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा दर्शन सिंह की हत्या किये जाने का सन्देह है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।