रुद्रप्रयाग/ जिले के अगस्तमुनि क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। बीते दिनों से लापता चल रहे 4 वर्षीय मासूम बालक का शव एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम को बडम गांव के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम भरे रास्तों के बावजूद टीम ने लगातार तलाशी अभियान जारी रखा।
लगातार प्रयासों के बाद टीम को गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में मासूम का शव बरामद हुआ। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस हदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।