चमोली/ 8वीं वाहिनी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, गौचर द्वारा सीमांत क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। आई.टी.बी.पी. द्वारा नीति घाटी में समुद्र तल से लगभग 11,000 फीट की ऊँचाई पर स्थित पवित्र तिम्मरसैंण महादेव मंदिर, जिसे स्थानीय रूप से “छोटा अमरनाथ” के नाम से जाना जाता है के परिसर में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान के दौरान स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना, भूस्खलन को रोकना तथा स्थानीय जनता में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। इस अवसर पर मनोहर सिंह रावत सेनानी 8वीं वाहिनी ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें पौधों के संरक्षण तथा पर्यावरण को राष्ट्र की सुरक्षा के समान ही महत्वपूर्ण बताया।
स्थानीय जनता ने आई.टी.बी.पी. की इस पहल का हृदय से स्वागत करते हुए इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आई.टी.बी.पी. न केवल सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि “हिमवीरों” द्वारा सीमांत क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय समुदाय के साथ सशक्त संबंध स्थापित करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।