नैनीताल/ जिले के भवाली क्षेत्र से खाकी को शर्मशार करने वाला एक ताजा मामला सामने आया है जहां एक ट्रक चालक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। चालक द्वारा मौके पर रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक चालक साफ तौर पर यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि बिना किसी वैध कारण अथवा चालान के उससे जबरन रुपयों की मांग की जा रही थी।
इस घटना के सार्वजनिक होते ही इंटरनेट पर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के बीच आक्रोश देखने को मिल रहा है तथा पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और उच्चाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज का संज्ञान ले लिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार घटना की सत्यता की पुष्टि के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं।
ताकि संबंधित होमगार्ड जवान और मौके की स्थिति की निष्पक्ष पड़ताल की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अवैध वसूली या अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी यदि जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है तो आरोपी कर्मी के विरुद्ध कड़ी विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।