देहरादून/ सतर्कता देहरादून की विजिलेंस टीम ने खंड शिक्षा अधिकारी और उसकी सहायिका को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वे आईटीई के तहत पढ़ाई कर चुके बच्चों की फीस जारी करने के बदले में रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सतर्कता सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उपशिक्षा अधिकारी/प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट एवं एक महिला को 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून की ओर से की गई कार्रवाई के मुताबिक अभियुक्त धनवीर सिंह बिष्ट, पुत्र गिन्दू सिंह, वर्तमान में उपशिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी डोईवाला के पद पर तैनात हैं। वहीं दूसरी आरोपी पुष्पांजलि पत्नी पंकज शर्मा निवासी लेन नम्बर-5 डालनवाला देहरादून तथा संचालिका उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल गुमानीवाला ऋषिकेश है।
बताया जा रहा कि दोनों आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता से गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार के तहत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति बिल के भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रिश्वत की राशि लेते वक्त रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।