चमोली/ उत्तराखंड के जंगलों में लगी आग अब सड़कों पर खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में लेने लगी है चमोली जिले के नन्दानगर क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है यहां सलबगड़ रोड पर खड़े एक डंपर के ऊपर जंगल की आग से जला हुआ चीड़ का पेड़ गिर गया।
पेड़ गिरते ही डंपर में भीषण आग लग गई जिससे वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सायं लगभग 5:30 बजे थाना नन्दानगर पुलिस को सूचना मिली कि सलबगड़ रोड पर एक डंपर धू-धू कर जल रहा है। सूचना मिलते ही नन्दानगर थाने से पुलिस बल बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुचा। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
मौके पर पहुची पुलिस ने देखा कि डंपर संख्या UK 11 CA 0985 पुनियारा महादेव के समीप खड़ा था। पास के जंगल की आग से सुलग रहा एक विशाल चीड़ का पेड़ अचानक डंपर के ऊपर आ गिरा। धधकते पेड़ की वजह से डंपर ने तुरंत आग पकड़ ली। पुलिस ने घटना की जानकारी वाहन स्वामी अनिल पल्लव निवासी कालेश्वर को दी। वाहन स्वामी ने बताया कि तकनीकी कारणों या किसी अन्य वजह से उक्त डंपर पिछले 8-9 दिनों से वहीं पर पार्क किया गया था।
आग की इस घटना के कारण सलबगड़ मार्ग पर कुछ वक्त के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को बीच सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। इसके बाद मार्ग
इसके बाद मार्ग पर यातायात को सुचारु किया गया जिससे आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो सका।