रुड़की/ यहां भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के आगमन का उत्तराखंड क्रांति दल ने जबरदस्त विरोध किया। बीएसएम चौक से शुरू हुआ प्रदर्शन गंगनहर पुल तक पहुंचते-पहुंचते उग्र हो गया। जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली। रुड़की के बीएसएम चौक पर उत्तराखंड क्रांति दल के दर्जनों कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष दीपक लखवान के नेतृत्व में एकत्र हुए थे।
भाजपा कार्यालय की ओर किया पैदल कूच
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी के जिला कार्यालय आगमन के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर पैदल कूच किया।
प्रदर्शनकारी बीएसएम चौक से होते हुए मालवीय चौक पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया परन्तु कार्यकर्ता नहीं माने और आगे बढ़ते रहे। इसके बाद गंगनहर पुल पर भारी पुलिस बल तैनात करके उन्हें जबरन रोक दिया गया। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त नोकझोंक हुई।
पुलिस ने जबरदस्ती लिया हिरासत में
भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने पर अड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए हिरासत में ले लिया और गंगनहर कोतवाली भेज दिया।
जिलाध्यक्ष दीपक लखवान ने कहा कि भाजपा लगातार मनमानी कर रही है। उत्तराखंड की जनता के मुद्दों को दबाया जा रहा है। उत्तराखंड क्रांति दल इस तानाशाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा और सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेगा।
दिखावे की राजनीति कर रही बीजेपी सरकार उत्तराखंड क्रांति दल
वहीं यूकेडी कार्यकर्ता रीतू कंडियाल ने कहा कि धामी सरकार में महिलाओं, युवाओं और आम जनता की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है।
भाजपा सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है जबकि जमीन पर हालात खराब हैं। हम अपने हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। फिलहाल पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।