द्वाराहाट विकास खंड के कुनस्यारी निवासी नायब सूबेदार पृथ्वी पाल की कोसी नदी में डूबने से हुई मौत छुट्टी पर घर आए थे सूबेदार।

न्यूज 13 प्रतिनिधि नैनीताल

नैनीताल/ गरमपानी जिस पिता का हाथ थामकर छह साल का मासूम ओम घर से निकला था उसे शायद ही यह अंदाजा रहा होगा कि कुछ वक्त बाद वही पिता उसकी आंखों के सामने जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए कोसी की तेज धार में ओझल हो जाएगा। शुक्रवार को भुजान के समीप कोसी नदी में हुआ हादसा और परिवार से उसका सहारा छीन गया और छह साल के मासूम की आंखों में ऐसी तस्वीर छोड़ गया जिसे शायद वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा। द्वाराहाट विकास खंड के ग्राम कुनस्यारी निवासी नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह उम्र 38 वर्ष पुत्र त्रिलोक सिंह शुक्रवार को अपने साथियों के साथ भुजान के समीप कोसी नदी में नहाने के लिए रुके थे। उनके साथ उनका छह वर्षीय बेटा ओम भी था। नदी में नहाते वक्त अचानक पृथ्वी पाल सिंह तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में पानी का वेग उन्हें अपने साथ बहा ले गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिता को नदी में बहते देख मासूम ओम और वहां मौजूद अन्य लोग घबरा गए। साथियों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई परन्तु तेज बहाव के सामने तत्काल कुछ कर पाना संभव नहीं हो पाया।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड के इन 10 जिलों के लिए अगले 3 के लिए भारी बारिश की चेतावनी।

देखते ही देखते पृथ्वी पाल सिंह नदी की धारा में काफी दूर निकल गए।

 तीन किलोमीटर के क्षेत्र में चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही बेतालघाट पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बीच टीम ने लगभग तीन घंटे तक लगातार तलाश जारी रखी। कड़ी मशक्कत के बाद पृथ्वी पाल सिंह को घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेतालघाट के एसआई शंकर नयाल के मुताबिक नदी में बहने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू के बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी।

 छुट्टी में घर आए थे शनिवार को लौटना था ड्यूटी पर

पृथ्वी पाल सिंह सेना के एजुकेशन कोर में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे लगभग एक माह पहले भटिंडा से छुट्टी लेकर घर आए थे। छुट्टी के दौरान पूजा-पाठ और परिवार के साथ समय बिताने के बाद उन्हें शनिवार को वापस ड्यूटी पर लौटना था।

यह भी पढ़ें 👉 गौचर में श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन, हुआ आयोजित,प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का दिया भरोसा

शुक्रवार को वे अपने छह वर्षीय बेटे ओम के साथ पत्नी और छोटी बेटी के पास हल्द्वानी जा रहे थे। रास्ते में साथियों के साथ भुजान के पास कोसी नदी में नहाने के लिए रुक गए। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि परिवार से मिलने और ड्यूटी पर लौटने से ठीक एक दिन पहले यह यात्रा जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी। पृथ्वी पाल सिंह के परिवार के लिए शुक्रवार का दिन शायद कभी न भूलने वाला बन गया। घर से निकले पिता के साथ मौजूद छह साल का ओम अब उस दृश्य का प्रत्यक्षदर्शी है जिसमें उसके पिता को नदी का तेज बहाव अपने साथ बहा ले गया। एक बच्चे के लिए पिता केवल परिवार का सदस्य नहीं बल्कि उसका सहारा सुरक्षा और भरोसा होता है। ऐसे में जिस उम्र में ओम को पिता की उंगली पकड़कर स्कूल जाना उनके साथ खेलना और उनकी गोद में बैठना था उसी उम्र में उसने पिता को अपनी आंखों के सामने नदी में खो दिया। इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर यही है कि पृथ्वी पाल सिंह छुट्टी लेकर परिवार के बीच लौटे थे बेटे को साथ लेकर पत्नी और छोटी बेटी के पास हल्द्वानी जा रहे थे और अगले ही दिन उन्हें फिर अपनी ड्यूटी पर लौटना था। लेकिन कोसी की धार ने परिवार की इन तमाम उम्मीदों को कुछ ही क्षणों में बदल दिया।

द्वाराहाट के कुनस्यारी गांव में पसरा मातम

पृथ्वी पाल सिंह की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव कुनस्यारी पहुंची वहां मातम पसर गया।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड के खानपुर से विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाऊस में हुआ गैंगरेप, दरोग़ा सिपाही सहित 4 लोग गिरफ्तार अखिलेश यादव ने घेरा सरकार को।

परिवार और ग्रामीणों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल था कि कुछ वक्त पहले तक छुट्टी पर घर आए पृथ्वी पाल अब उनके बीच नहीं रहे। एक ओर परिवार अपने जवान सदस्य को खोने के सदमे में है तो दूसरी ओर छह वर्षीय ओम के सामने पिता के हमेशा के लिए चले जाने की सच्चाई है। अचानक हुई इस मौत ने पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। नदी किनारे कुछ पल बिताने के लिए रुके परिवार के लिए वही कोसी की धारा जिंदगी का सबसे भयावह अध्याय बन गई। जिस बेटे के लिए पिता शायद रास्ते में नदी किनारे कुछ खुशनुमा पल बिताना चाहते थे उसी बेटे की आंखों के सामने पिता हमेशा के लिए उससे दूर चले गए।प्राप्त जानकारी के मुताबिक पृथ्वी पाल सिंह के साथ धन सिंह उम्र 35 नरेंद्र सिंह उम्र 38 वर्ष और राजेंद्र सिंह उम्र 36 भी मौजूद थे जिस बीच यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटना के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *