देहरादून/ एक आवश्यक कदम उठाते हुए और चारधाम यात्रा के दौरान मंदिरों की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अहम और दूरदर्शी निर्णय लिया है इस वर्ष बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री के साथ ही यमुनोत्री धामों के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन व कैमरा ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
पिछले कुछ वक्त से रील-वीडियो और ब्लॉगिंग के चलते बढ़ते विवादों को देखते हुए सरकार द्वारा यह कदम उठाया गया है जिससे श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और एकाग्रता के साथ दर्शन कर सकें।
शनिवार को चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिबंध वाली जगहें
बदरीनाथ— सिंहद्वार से आगे मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित।
केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री : मंदिर परिसरों में मोबाइल नहीं ले जा पाएंगे।
बीकेटीसी व जिला प्रशासन धामों से पहले मोबाइल सुरक्षित रखने की व्यवस्था करेंगे।
प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए साफ़ किया है कि आस्था और श्रद्धा के साथ समझौता न करते हुए चारों धामों में उचित व्यवस्था की जाएगी।