किसी के कदमों को मिली नई राह, किसी के जीवन में लौटी मुस्कान, दिव्यांगजनों के सपनों को मिले नए पंख जयपुर फुट के सहयोग से वृहद दिव्यांग सहायता शिविर, छह जिलों के 300 से अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित, जिलाधिकारी की विशेष पहल। चमोली/ उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौचर में आयोजित पांच दिवसीय विशेष वृहद राज्य स्तरीय दिव्यांग सहायता शिविर में छह जनपदों के 300 से अधिक दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों से किसी को चलने-फिरने का सहारा मिला, किसी के दैनिक जीवन के कार्य आसान हुए, तो किसी को सुनने और समाज से अधिक सहजता के साथ जुड़ने का अवसर मिला।
31 अक्टूबर से 04 नवंबर तक गौचर में आयोजित इस पांच दिवसीय शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति शाखा जयपुर (राजस्थान) एवं मालवीय नगर, जयपुर (जयपुर फुट) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, टिहरी एवं बागेश्वर जनपदों के दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जिलाधिकारी गौरव कुमार की विशेष पहल पर आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उपकरण वितरित किए गए। शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, 08 को कृत्रिम हाथ, 111 को कान की मशीन, 41 को व्हीलचेयर तथा 23 को बैसाखी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य लाभार्थियों को छड़ी, कैलिपर, वॉकर एवं ईसीआर सहित कुल 341 दिव्यांगजनो को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से चमोली के 271, पौड़ी के 08, रुद्रप्रयाग के 24, टिहरी के 02, बागेश्वर के 22 तथा अल्मोड़ा के 02 दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। ऐसे सहायता शिविर दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जयपुर फुट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए। इसके तहत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से दिव्यांगजनों एवं अन्य प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
समापन समारोह में जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली जयपुर फुट की टीम के सदस्यों अनुज लोधी (टीम लीडर), मोतीलाल, मनोज, गजेन्द्र, मुकेश, मोहम्मद खालिद, रोहित एवं विशाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर गैरसैंण निवासी सोबन सिंह, नंदानगर निवासी माधो सिंह एवं पुष्कर सिंह को कृत्रिम पैर, रुद्रप्रयाग निवासी संजय सिंह को कृत्रिम हाथ, रेखा देवी एवं दीपा देवी को कान की मशीन तथा पुष्कर राम एवं ममता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जयपुर फुट के कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली, राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन नेगी एवं गणेश मिश्रा, मंच संचालक मनोज तिवारी, प्रधानाचार्य के.एस. बिष्ट, हेम मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।