नैनीताल/ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक महिला का शव पड़ा हुआ मिला। शव की पहचान नहीं हो पाई है। हत्या के संदेह में पोस्टमॉर्टम कराया गया परन्तु स्थिति साफ न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड बनाई गई है मामला बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है यह सोमवार सुबह की घटना है।
इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पुलिस और यूपी 112 नंबर को सोमवार सुबह सूचना मिली कि नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोड नंबर आठ के समीप एक चाय के खोखे में बाहर की ओर महिला का शव पडा है। वहां पहुंचे तो पता चला कि खुद खोखा मालिक ने ही सूचना दी थी। उन्होंने देखा कि लेटी हुई अवस्था में महिला का शव पड़ा है।
मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष है। वह नीले व काले रंग की फूलदार कुर्ती और पीले रंग की सलवार पहने हैं। दाहिने हाथ पर ओम गुदा है हिंदी में रामधनी लिखा है और दिल का निशान भी गुदा है। अंग्रेजी में पूनम लिखा है। बाएं हाथ पर भी टैटू गुदा है। बाएं हाथ पर ही रोहित व अंग्रेजी में सुनील और पूनम हिंदी में लिखा है तथा राजेंद्र भी लिखा है। गले में जो लॉकेट है जिस पर उर्दू में अल्लाह लिखा है। इंस्पेक्टर ने आसपास महिला की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल ने किया। महिला डॉक्टर ने दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड बनाई। टीम को ऐसा कोई कारण न मिला जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सके।
इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है सीने व शरीर पर कुछ जगह खरोंच के हल्के निशान मिले हैं। जिस तरह शव रखा था उससे लग रहा था कि कहीं और से लाकर इसे यहां रखा गया है। आसपास के गांव वालों को बुलाकर भी पहचान कराई गई लेकिन पहचान नहीं हो पाई। आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे जिनसे फुटेज मिल सके। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के शव की पहचान नहीं हो पा रही है। मामले में रिपोर्ट लिखकर जल्दी खुलासा किया जाएगा।