देहरादून/ मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार 3 अप्रैल को उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है जिसके चलते राज्य में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसका असर पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक व्यापक रहेगा जबकि मैदानी क्षेत्रों में आंशिक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने एहतियातन कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।
5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर के साथ ही पिथौरागढ़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
अन्य जिलों में येलो अलर्ट, मैदानी क्षेत्रों में आंशिक असर
इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है जहां कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबांदी और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं जबकि ऊधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।