पिथौरागढ़/ उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों के बीच एक बार फिर ऐसी घटना सामने आई है जिसने सरकारी व्यवस्थाओं की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेरीनाग में सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे 42 वर्षीय व्यापारी को वक्त पर एंबुलेंस नहीं मिल पाई। नतीजा यह हुआ कि जिंदगी बचाने की उम्मीद में हायर सेंटर ले जाए जा रहे व्यापारी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं जबकि स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही के आरोपों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
अस्पताल में एंबुलेंस थी परन्तु चालक नहीं था आखिर किस काम की व्यवस्था ?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेरीनाग निवासी 42 वर्षीय व्यापारी हरीश बाफिला को रविवार देर शाम अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग लेकर पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में एंबुलेंस उपलब्ध थी लेकिन चालक के मौजूद नहीं होने के कारण उसका इस्तेमाल नहीं हो पाया। सवाल यह है कि जब अस्पताल में एंबुलेंस मौजूद थी तो आपात स्थिति में उसे संचालित करने के लिए चालक की व्यवस्था क्यों नहीं थी ?
30 किलोमीटर दूर से बुलाई एंबुलेंस ढाई घंटे करना पड़ा इंतजार
परिजनों के अनुसार मजबूरी में लगभग 30 किलोमीटर दूर गणाई गंगोली से एंबुलेंस बुलानी पड़ी। यह एंबुलेंस लगभग ढाई घंटे बाद रात साढ़े नौ बजे पहुंची। इसके बाद व्यापारी को उपचार के लिए अल्मोड़ा के लिए रवाना किया गया परन्तु रास्ते में अल्मोड़ा से लगभग 10 किलोमीटर पहले ही उनकी सांसें थम गईं।
जिस वक्त मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस की जरूरत थी उस वक्त व्यवस्था की अनुपलब्धता ने परिजनों की मुश्किलें और बढ़ा दीं ।
छुट्टी पर गया चालक नहीं लौटा अब जांच की बात
मामले में सीएमओ डॉ. जेएस चुफाल ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दीपावली पर छुट्टी पर गए एंबुलेंस चालक के वापस नहीं लौटने के मामले में एंबुलेंस प्रभारी से जानकारी लेकर पड़ताल की जाएगी ।
सवालों के घेरे में स्वास्थ्य व्यवस्था आखिर जवाबदेह किसकी ?
यह घटना कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। क्या आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं केवल कागजों और सरकारी दावों तक सीमित हैं?
क्या किसी अस्पताल में एंबुलेंस होने के बावजूद चालक की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी नहीं है ? यदि कोई चालक छुट्टी पर जाता है तो उसकी जगह वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जाती ? आखिर पहाड़ के मरीज की जिंदगी इतनी सस्ती क्यों ? आपातकालीन सेवाओं में थोड़ी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन सकती है। अब देखना होगा कि जांच केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है या जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होती है।