देहरादून/ उत्तराखंड में सिपाही बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है राज्य के अलग-अलग विभागों में वर्दीधारी सिपाही समूह ग के 1,694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने मंगलवार को भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी।
कुल 1,694 पदों में सबसे अधिक 986 पद पुलिस विभाग के हैं इनमें आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464 आरक्षी पीएसी/आइआरबी (पुरुष) के 284 और आरक्षी जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग में फायरमैन (पुरुष एवं महिला) के 201 पदों पर भर्ती होगी। वन विभाग में वन आरक्षी के 171 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पद रखे गए हैं। कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में पुरुष बंदीरक्षक के 117 और महिला बंदीरक्षक के 27 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
वहीं सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिवालय रक्षक के 54 पद आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी।
दो चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) आयोजित होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में लिखित परीक्षा देनी होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय होगी जिसका आयोजन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा। आयोग ने इसके लिए चार अप्रैल 2027 की संभावित तिथि निर्धारित की है।
लिखित परीक्षा का रहेगा 75 प्रतिशत वेटेज
भर्ती में अंतिम चयन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा दोनों के अंकों को जोड़ा जाएगा शारीरिक दक्षता परीक्षा का 25 प्रतिशत और लिखित परीक्षा का 75 प्रतिशत वेटेज निर्धारित किया गया है।
ऐसे में अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के साथ लिखित परीक्षा की तैयारी पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
25 दिसंबर तक कर पाएंगे आवेदन
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के मुताबिक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।