चमोली/ जिले के थराली तहसील कार्यालय के नजदीक स्थित पटवारी चौकी की बाउंड्री दीवार गुरुवार सुबह-सुबह लगभग सात बजे हल्की बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि दीवार के पास स्थित मकान में मौजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक संबंधित बाउंड्री दीवार का निर्माण लगभग एक माह पूर्व ही कराया गया था।
हल्की बारिश में ही दीवार के ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन पर सवाल खड़े होने लगे हैं। घटना के बाद लोगों ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और निम्न गुणवत्ता की सामग्री के उपयोग की आशंका जताई। उनका कहना है कि इतनी कम अवधि में दीवार का गिर जाना गंभीर जांच का विषय है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। घटना के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और दीवार गिरने के कारणों की जांच किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। यह घटना सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े करती है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।