देहरादून/ उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदान तक लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने यहां जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में 12 जुलाई तक मानसून की गतिविधियां तेज बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 9, 10 और 11 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश के दौर की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्यभर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
24 घंटे में काशीपुर में 205.5 मिमी रिकॉर्ड बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में जबरदस्त बारिश दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा बारिश ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में 205.5 मिमी रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा हरिद्वार जिले के लक्सर में 179 मिमी, सुल्तानपुर पट्टी में 135 मिमी, खानपुर में 116 मिमी, कोशिया कोटली में 106 मिमी, भीमताल में 87.5 मिमी, कालाढूंगी में 85 मिमी, नैनीताल में 77 मिमी, बाजपुर में 76 मिमी, कोटद्वार में 70 मिमी तथा जॉलीग्रांट में 37 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
12 जुलाई तक रहेगा मानसून सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक राज्य में 12 जुलाई तक मानसून का असर बना रहेगा। इस बीच कई क्षेत्रों में तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों और गधेरों का जलस्तर बढ़ सकता है जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा भी बढ़ गया है।
9 जुलाई>>> सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने 9 जुलाई के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल,
ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है जहां कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
10 जुलाई को भी बरसेंगे बादल
10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
11 जुलाई को भी राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 11 जुलाई को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है लेकिन देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस बीच भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, चट्टानें खिसकने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रहेगा।
कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में 9 जुलाई को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
चारधाम यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद् ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने, सड़कों की स्थिति पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने, पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए अगले कुछ दिन समूचे उत्तराखंड के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।