देहरादून/ राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने कथित देह व्यापार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी करके पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मौके से आपत्तिजनक सामग्री दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
संस्कृति लोक कॉलोनी में पुलिस की छापेमारी
पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को मुखबीर के माध्यम से सूचना मिली थी कि संस्कृति लोक कॉलोनी में एक किराये के मकान पर कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान में औचक छापेमारी की।
इस बीच एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। इसके बाद पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया पुलिस के मुताबिक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अजमीरा मकान किराये पर लेकर कथित देह व्यापार संचालित कर रही थी। आरोप है कि वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी।पुलिस का कहना है कि ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जिलो और राज्यों से महिलाओं को बुलाया जाता था। इसके बाद किराये के कमरे में कथित तौर पर देह व्यापार कराया जाता था।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अजमीरा उम्र 42 वर्ष शेख अजीजल उम्र 30 वर्ष रजनी उम्र 25 वर्ष और अन्नू उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
इनमें अजमीरा और शेख अजीजल संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला देहरादून के निवासी बताए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए।
अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।