नैनीताल/ उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल के जंगलों के बीच स्थित एक नामी रिसॉर्ट में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट और रेव पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। रामनगर क्षेत्र में देर रात हुई इस अचानक छापेमारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके से 52 लड़के-लड़कियों को बेहद आपत्तिजनक परिस्थितियों में गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस पार्टी में शामिल होने वाले अधिकांश लोग बाहरी राज्यों के थे। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब नकदी और कई अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की हैं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर एक्टिव हुई रामनगर पुलिस
जानकारी के अनुसार शनिवार को रामनगर पुलिस को एक मुखबिर के जरिए बेहद पुख्ता सूचना मिली थी।
मुखबिर ने बताया कि सांवल्दे स्थित ‘एक्रोन हाईडवे रिसॉर्ट में एक बहुत बड़ी सीक्रेट पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। इस पार्टी में बाहरी राज्यों से भारी संख्या में रईसजादे और युवतियां शामिल होने के लिए पहुच रहे हैं। सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया। पुलिस ने जल्दबाजी न करते हुए सही मौके और पुख्ता सबूतों का इंतजार करने की रणनीति बनाई।
आधी रात को रिसॉर्ट में गूंजा संगीत उसके बाद शुरू हुईं संदिग्ध गतिविधियां
शनिवार रात जैसे ही रिसॉर्ट में पार्टी की शुरुआत हुई वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया। तेज संगीत के बीच 50 से अधिक लड़के-लड़कियां जश्न मनाने में डूब गए। सूत्रों के मुताबिक पार्टी में शामिल अधिकांश लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से आए थे। जैसे-जैसे रात परवान चढ़ी रिसॉर्ट के अंदर संदिग्ध और घोर आपत्तिजनक गतिविधियां शुरू हो गईं।
रिसॉर्ट के अंदर चल रहे इस अनैतिक खेल की पुष्टि होते ही सादे कपड़ों में तैनात पुलिस के जवानों ने तुरंत आला अधिकारियों को सिग्नल भेज दिया।
रात 12 से 1 बजे के बीच एसओजी और भारी पुलिस बल का धावा
सिग्नल मिलते ही एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के मास्टर प्लान के तहत एसओजी और पुलिस लाइन की भारी फोर्स ने रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच एक्रोन हाईडवे रिसॉर्ट को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस ने जब रिसॉर्ट के अंदर अचानक छापा मारा तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कमरों और हॉल के अंदर मौजूद लड़के-लड़कियां पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करने लगे लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे किसी की एक न चली। पुलिस ने मौके से सभी 52 लोगों को हिरासत में ले लिया।
नेपाल, बंगाल और यूपी की 10 युवतियों को किया गया रेस्क्यू
इस पूरी छापेमारी में पुलिस ने बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार किए गए 52 लोगों में से पुलिस ने नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन युवतियों को देह व्यापार के धंधे के लिए इस पार्टी में विशेष रूप से बुलाया गया था। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह अनैतिक धंधा इस रिसॉर्ट में कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन-सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है।
बिना लाइसेंस के चल रहा था बार शराब और कैश बरामद
पुलिस की जांच के दौरान रिसॉर्ट के भीतर एक और बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। रिसॉर्ट के अंदर बिना किसी वैध लाइसेंस के एक अवैध बार का संचालन किया जा रहा था जहा धड़ल्ले से शराब परोसी जा रही थी। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में अवैध व महंगी विदेशी शराब लाखों रुपये की संदिग्ध नकदी
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज बरामद किए हैं पुलिस की एक टीम फिलहाल बरामद हुए कैश और शराब की लिस्टिंग करने के साथ-साथ रिसॉर्ट के रजिस्ट्रेशन और अन्य कानूनी दस्तावेजों को खंगालने में जुटी है।
मैनेजर हुआ फरार शाम को एसएसपी करेंगे बड़ा खुलासा
पुलिस की इस दबिश के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस शुरुआती जांच में रिसॉर्ट के अन्य कर्मचारियों और स्टाफ की भूमिका को भी बेहद संदिग्ध मान रही है। फरार मैनेजर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले में सख्त कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी रविवार शाम 4:30 बजे रामनगर कोतवाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं जिसमें इस रैकेट के मास्टरमाइंड्स और बरामदगी से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे किए जाएंगे।