चमोली/ ज्योतिर्मठ मुख्य बाजार में ट्रैफिक जाम होने पर हेमकुंड साहिब से लौट रहे लोगों का स्थानीय लोगों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि उन्होंने डंडों से लोगों पर हमला किया।तीर्थ यात्रियों ने तलवारें लहराते हुए लोगों को दहशत में डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आठ लोगों को कोतवाली लेकर आई। इसी बीच नगर के व्यापारी भी एकत्रित होकर कोतवाली पहुंच गए।
वहां पर फिर विवाद हो गया थाने में हुए विवाद में वहां तैनात एसआई चोटिल हो गए। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना की प्रत्यक्षदर्शी जानकी देवी ने बताया कि ट्रैफिक जाम होने पर हेमकुंड यात्री आगे चल रही स्कूटी सवार को धमकाने लगे। देखते ही देखते उन्होंने डंडों से हमला कर दिया।
मैं छोटे बच्चे के साथ दुकान पर गई थी उन्होंने मेरे साथ भी धक्का मुक्की की बच्चा डंडे से बाल-बाल बचा। कुछ दिन पहले ज्योतिर्मठ में पार्किंग को लेकर विवाद में हेमकुंड यात्रियों ने पिता-पुत्र को जख्मी कर दिया था। दूसरे मामले में हेमकुंड साहिब में दो श्रद्धालुओं पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया था। उनसे जुड़े विवाद के अब तक ज्योतिर्मठ व गोविंदघाट थाने में दो-दो मामले सामने आ चुके हैं।