देहरादून/ डोईवाला क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है यहां हिमालयन पब्लिक स्कूल के चार बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद अचानक गायब हो गए जिससे परिजनों के साथ ही स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर लगभग 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी हुई थी। बच्चों को रोज की तरह स्कूल बस से घर लौटना था परन्तु वे बस में सवार ही नहीं हुए। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।
परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्चों की तलाश की परन्तु कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। कई घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस पुलिस स्कूल परिसर, बस स्टॉप और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को जल्द खोजने के लिए पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ अभियान चलाया जा रहा है। डोईवाला में चार बच्चों के अचानक लापता होने की घटना ने पूरे क्षेत्र को चिंता में डाल दिया है। परिवारों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं और सभी बच्चों की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं।