देहरादून/ उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 अक्टूबर को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा जबकि 23 से 26 अक्टूबर तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
23 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
शुक्रवार 23 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के साथ कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
24 अक्टूबर को पांच जिलों में बारिश के आसार
शनिवार 24 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर के साथ ही पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ बिजली चमकने और बादलों के गरजने की भी संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
25 और 26 अक्टूबर को भी जारी रहेगा बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार 25 अक्टूबर और सोमवार 26 अक्टूबर को भी उत्तरकाशी,
रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है जबकि बाकि जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में बढ़ने लगी ठंड
अक्टूबर महीने के अंतिम दिनों में ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगती है। बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनानी चाहिए।