पौड़ी/ नगर से सटे दंदल गांव में शुक्रवार शाम मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई एक महिला रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई। जंगल में महिला की चुन्नी, दरांती और घास की गठरी बरामद होने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने गुलदार के हमले की प्रबल आशंका जताई है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के अंतर्गत दंदल गांव निवासी रेखा देवी उम्र लगभग 35 वर्ष शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे घर के पास ही स्थित जंगल में घास काटने गई थीं। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में खोजबीन शुरू की जहां झाड़ियों के पास रेखा देवी की दरांती, चुन्नी और घास की गठरी पड़ी मिली परन्तु उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
ग्रामीणों का कहना है कि दंदल गांव और आसपास के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। ऐसे में घटनास्थल पर महिला का सामान बिखरा मिलने से गुलदार द्वारा हमला कर उन्हें घसीट ले जाने की आशंका गहरा गई है। महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही वन विभाग पुलिस प्रशासन के साथ ही एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद अलग-अलग टीमें गठित करके मौके पर भेजी गई है।