रुद्रपुर/ शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है यहां गांधी पार्क में चल रहे सरस मेले से देवर के साथ वापस घर लौट रही एक विवाहिता ने तीन युवकों पर तमंचे की नोक पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी हैं।
पीड़िता ने रमपुरा चौकी में दी शिकायत में बताया कि 22 फरवरी की रात वह अपने देवर के साथ मेले से लौट रही थी। रात लगभग 9 बजे मोदी मैदान के समीप देवर के जानने वाले तीन युवक दो बाइकों पर वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और जबरन उसे अपने साथ ले गए।
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे ठंडी सड़क के समीप सुनसान जगह पर ले गए जहां देवर के सामने ही उन्होंने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके बाएं हाथ की उंगली पर चाकू से वार किया गया जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की चेतावनी दी।
मामले में पुलिस शक के आधार पर देवर से भी पूछताछ कर रही है क्योंकि पीड़िता के मुताबिक वह तीनों युवकों को जानता है। पुलिस ने जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल परीक्षण सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।