उधमसिंहनगर/किच्छा कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में पति ने धारदार हथियार से गला रेत कर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी हत्या का आरोपी पति अपनी पत्नी पर लंबे वक्त से शक करता था। चार दिन पहले ही रिश्तेदारों द्वारा समझौता कराए जाने के बाद मृतका को आरोपी पति के साथ रहने के लिए बहन जीजा के घर भेजा गया था। घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आजाद नगर, वार्ड नंबर 2, किच्छा निवासी अशोक कुमार पुत्र कन्हैयालाल का विवाह महतोष मोड, थाना गदरपुर निवासी पूनम के साथ लगभग 8 वर्ष पूर्व हुआ था। बताया जा रहा है कि अशोक कुमार अपनी पत्नी पर लगातार किसी गैर व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर शक करता था जिसके चलते दोनों के बीच लंबे वक्त से पारिवारिक विवाद चल रहा था। लगभग एक महीने पहले पूनम मायके चली गई थी
इसके बाद पति अशोक द्वारा लगातार पत्नी पूनम एवं अन्य रिश्तेदारों से संपर्क कर वापस बुलाने का प्रयास किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक चार दिन पूर्व अशोक कुमार का जीजा हल्द्वानी मार्ग स्थित मंड फॉर्म किच्छा निवासी तेजपाल एवं अशोक की बहन धनवती ने पति-पत्नी के बीच सुलह समझौता करने का प्रयास करते हुए पूनम एवं उसके पति अशोक कुमार को अपने घर किच्छा बुला लिया था। विगत चार दिनों से अशोक और उसकी पत्नी पूनम किच्छा में बहन धनवती एवं जीजा अशोक के घर रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार की सुबह धनवती और तेजपाल काम पर चले गए थे। इसी बीच पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गुस्से में अशोक कुमार ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी पूनम का हसिया से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी।
काम से लौटने पर धनवती और तेजपाल को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। घर के आंगन में लहूलुहान अवस्था में पूनम का शव पड़ा हुआ था। कुछ ही देर में हत्या की बात क्षेत्र में आग की तरह फ़ैल गई और घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया।