चम्पावत/ जिले में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, गर्भवती करने एवं नवजात शिशु की बिक्री के गंभीर मामले में चम्पावत पुलिस की बड़ी सफलता एक वर्ष पुराने गंभीर महिला एवं बाल अपराध का खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने नवजात शिशु को सकुशल किया बरामद। रेखा यादव पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन एवं देवेन्द्र सिंह कप्रवाण क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों के प्रति अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक अत्यंत गंभीर प्रकरण में प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने प्रकरण के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ ही कथित रूप से बेचे गए नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
दिनांक 25.10.2026 को वादी द्वारा थाना रीठा साहिब में उपस्थित होकर लिखित तहरीर दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि अभियुक्त मदन सिंह बोहरा द्वारा माह दिसम्बर 2025 में वादी की नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करके उसे गर्भवती कर दिया। इसके अतिरिक्त नाबालिग की गर्भावस्था को छिपाने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर उसका प्रसव कराने तथा जन्मी नवजात बच्ची को बेचने जैसे अत्यंत गंभीर आरोप भी लगाए गए। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रीठा साहिब में दिनांक 25.10.2026 को FIR संख्या 07/2026, धारा 3(5), 65(1), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 5J(1) 5J(2) 5N पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियुक्त मदन सिंह बोहरा आदि के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत महोदया द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी तथा नवजात शिशु की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं नवजात शिशु की तलाश के लिए लगातार सुरागरसी-पतारसी की गई। अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं सर्विलांस की सहायता से उसकी गतिविधियों और लोकेशन के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम द्वारा निरंतर निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम के अथक प्रयासों सतत निगरानी एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 27.11.2026 को अभियुक्त मदन सिंह बोहरा पुत्र स्वर्गीय हयात सिंह बोहरा उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम साल थाना रीठा साहिब जनपद चम्पावत को न्यायालय परिसर चम्पावत के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में कथित रूप से बेचे गए नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम।
1- उपनिरीक्षक सोनिका जोशी, विवेचक।
2- उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, प्रभारी एसओजी टनकपुर।
3- अपर उपनिरीक्षक जितेन्द्र मेहरा।
4- निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी।
5- हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह डंगवाल, सर्विलांस शाखा।
महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा चम्पावत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्यवाही निष्पक्ष विवेचना एवं वैज्ञानिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी बच्चों के साथ शोषण उत्पीड़न अथवा किसी अन्य प्रकार के अपराध की जानकारी प्राप्त होती है तो बिना किसी संकोच के तत्काल सूचित करें।