चंपावत/ जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम पंचायत सिमल्टा में शुक्रवार को देर रात घर में टीवी देख रहे एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला कर दिया। कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई उनकी बेटी की बहादुरी के चलते पिता की जान बच गई और गुलदार को भी बेटी ने घर के अंदर ही कैद कर दिया और ग्रामीणों को सूचना दी इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से बाल बाल बच गया गुलदार के हमले में बुजुर्ग घायल हो गए।
शुक्रवार को चंपावत जिला मुख्यालय से 12 किमी दूर सिमल्टा गांव में सुरेश चंद्र पांडे उम्र 64 वर्ष पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे खाना खाने के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे इसी बीच घात लगाकर बैठे तेंदुए ने घर के अंदर ही घुसकर उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस बीच ससुराल से कुछ दिनों के लिए पिता के घर आई उनकी बेटी किरन पांडे अपने पिता के लिए ढाल बनकर सामने खड़ी हो गई। उसने साहस और बहादुरी दिखाते हुए गुलदार के चंगुल से पिता को तो बचाया ही साथ ही गुलदार को भी घर के अंदर ही कैद कर दिया। जिससे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली उन्होंने इस खूंखार बने गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया। और अब इसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जायेगा। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि घायल को तत्काल चंपावत जिला अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। साथ ही बताया कि विभाग की ओर से पीड़ित को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। तो वही बहादुर बेटी की हिम्मत की लोग प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं।