बेतालघाट/ बेतालघाट से पोकलैंड मशीन लेकर जा रहा ट्राला ट्रक घोड़िया हल्सो के समीप अनियंत्रित होकर 50 गहरी खाई में जा समाया। हादसे में ट्रोला चालक घायल हो गया और परिचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेतालघाट के रोपा मार्ग में काम कर रही पोकलैंड मशीन को ले जा रहा ट्राला ट्रक यू0के0 04 सीए 5679 खैरना की ओर जा रहा था। बेतालघाट से मात्र 1 किलोमीटर आगे जाने के बाद ट्राला चालक रास्ता भटक गया और वह घोड़िया हल्सो गांव के मोटर मार्ग में चला गया। मार्ग संकरा होने से ट्राला घिरौली गधेरे में पलट गया।
कुछ लेबरों ने उक्त घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज नयाल मय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का मुयायना करने पर पता लगा कि ट्राला का कंडक्टर 20 वर्षीय विक्की पुत्र चुरामन निवासी ग्राम मुड़िया हाफिज पोस्ट धोरा थाना भोजीपुरा जनपद बरेली ट्राली के नीचे दबा हुआ है जिसे पुलिस और राजस्व उपनिरीक्षक टीम ने ग्रामीणों की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला।
हादसे में 42 वर्षीय चालक सूरज सिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी हल्दूचौड लाल कुआं घायल हो गया।
जिसके चलते पुलिस ने घायल को सीएचसी बेतालघाट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परिचालक को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। राजस्व पुलिस बेतालघाट द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।