अल्मोड़ा, पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद हुआ खूनी संघर्ष, नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य पर धारदार हथियारों से हुआ जानलेवा हमला।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि अल्मोड़ा

अल्मोड़ा/ उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद एक ओर जहां विजेताओं में उत्साह का माहौल है वहीं दूसरी ओर चुनावी रंजिश के चलते हिंसक घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ताजा मामला अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकास खंड के खगमराकोट से सामने आया है।

यह भी पढ़ें 👉 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 चमोली जनपद में चुनाव परिणाम घोषित

जहां क्षेत्र पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्य रोहन कुमार आर्या पर विरोधी पक्ष द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

जीत के जश्न से पहले ही चले लाठियां और धारदार हथियार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए रोहन कुमार आर्या मतगणना के दिन हवालबाग विकास खंड से अपने समर्थकों के साथ कोसी बाजार के लिए जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में विरोधी पक्ष के लोगों – पंकज कुमार बिष्ट, दीपक पाटनी और उनके अन्य साथियों ने उन पर और उनके पिता सहित वरिष्ठ समर्थकों पर अचानक लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉 चौखुटिया, जाने कहा कौन बना ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य, चौखुटिया में 75 ग्राम प्रधान व 32 क्षेत्र पंचायत को दिए प्रमाण, 20 प्रधान व एक क्षेत्र पंचायत पहले ही निर्विरोध निर्वाचित।

इस हमले में नवनिर्वाचित सदस्य रोहन कुमार आर्या को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं जबकि उनके कई समर्थक भी घायल हो गए हैं। आर्या का आरोप है कि उन्होंने हमलावरों से शांति
बनाए रखने की अपील भी की परन्तु आरोपियों ने उनकी एक न सुनी और जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद हमलावर एक वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

हमले में जातिसूचक गालियों का प्रयोग एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज

रोहन कुमार आर्या के मुताबिक हमलावरों ने न सिर्फ शारीरिक रूप से हमला किया बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें और उनके साथियों को गालियां भी दीं। उन्होंने इस संबंध में अल्मोड़ा थाने में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 191(2) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और सामाजिक चेतावनी

इस हमले को लेकर सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड के पूर्व उपाध्यक्ष व भाजपा नेता सिकंदर पवार ने गहरी नाराजगी जताई है।

यह भी पढ़ें 👉 बागेश्वर, धामी सरकार की पोल खोलती ख़बर 5 रेफ़रल अस्पतालों के बाद हल्द्वानी पहुंचे मासूम की हुई मौत, वक्त रहते 108 एम्बुलेंस भी नहीं हो पाई उपलब्ध।

उन्होंने कहा कि रोहन कुमार आर्या एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति हैं और सामान्य सीट से विजयी हुए हैं यही कारण है कि जातिवादी मानसिकता से ग्रसित विरोधी पक्ष ने यह घृणित कृत्य किया है। पवार ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। प्रभारी थानाध्यक्ष योगेश चंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *