देहरादून/ पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल के साथ ही बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राज्य के अन्य जिलों में भी तेज गर्जना के साथ एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला तेज बना रहेगा। बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार से अगले 24 घंटों के लिए बाढ़ के खतरे की चेतावनी भी जारी की है। विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल के साथ ही उत्तरकाशी जिले में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
प्रशासन ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों के किनारे न जाने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।