टिहरी/ चंबा-कोटि मार्ग पर नैल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया जब एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा समाया। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है और वे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के निवासी थे जो ऋषिकेश से एक क्रियाकर्म में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, एसएसपी श्वेता चौबे, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और नगर पालिका अध्यक्ष आनंद बिष्ट स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। साथ ही जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रखी जाए और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।