देहरादून/ उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के अंदर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ के साथ ही नैनीताल जिले के लिए अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के बीच ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के बीच अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें साथ ही सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। साथ ही वाहन चालकों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि आगामी 24 से 48 घंटों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक 5 मई तक कुछ जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।