नैनीताल/ जिले के भीमताल क्षेत्र से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भीमताल बाईपास क्षेत्र में तेज बहाव वाले नाले की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम पल्लवी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे तीन वर्षीय पल्लवी अचानक नाले के तेज बहाव में बह गई। परिजनों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया परन्तु पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे बचा नहीं पाए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की।
काफी तलाश के बाद मासूम लगभग आधा किलोमीटर दूर भीमताल झील के किनारे बोट स्टैंड के पास अचेत अवस्था में मिली। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्ची को भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बच्ची की पहचान पल्लवी उम्र 3 वर्ष वर्ष पुत्री भुवन कुमार, निवासी बाईपास क्षेत्र के रूप में हुई है।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने के लिए सीपीआर और जरूरी दवाओं के जरिए प्रयास किया लेकिन बच्ची के शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। वहीं लगातार बारिश के बीच नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को लेकर लोगों से बेहद सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।