देहरादून/ उत्तराखंड में मानसून का प्रभाव अभी भी जबरदस्त बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। देहरादून, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई जबकि अन्य जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार सुबह भी राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी देखते हुए आज सात जिलों में स्कूल बंद हैं।
मौसम की सक्रियता के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 सितंबर को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भीमताल में 159 मिमी बारिश कई जिलों में तेज बारिश
बुधवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज बारिश के आंकड़ों के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, देहरादून और टिहरी में कहीं तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस बीच सबसे अधिक 159 मिमी बारिश नैनीताल जिले के भीमताल में रिकॉर्ड की गई।
बारिश से 11 लोगों की मौत दो लापता
राज्य में लगातार बारिश के चलते अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई है।
जबकि एक महिला समेत दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत-बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
दो एनएच सहित 172 सड़कें बंद
भारी बारिश के कारण राज्य में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 172 सड़कें बंद हैं। इनमें अल्मोड़ा की 23, बागेश्वर की 11, चमोली की 17, चंपावत की 2, देहरादून की 15, नैनीताल की 40, पौड़ी की 12, पिथौरागढ़ की 12, रुद्रप्रयाग की 11, टिहरी की 15 और उत्तरकाशी की 14 सड़कें शामिल हैं। सड़कों के बंद होने से कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटे हैं।
3 से 6 सितंबर तक भी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तराखंड में 6 सितंबर तक मानसून की सक्रियता तेज रहने की संभावना है। 3 से 6 सितंबर के बीच भी कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 3 सितंबर देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के सभी जिलों में गरज -चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। 4 सितंबर नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट है। 5 और 6 सितंबर देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी में भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
7 सितंबर से बारिश के तेज दौर में राहत के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 7 सितंबर से राज्य में बारिश के तेज दौर में कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि इस दौरान भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 7 और 8 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम की सक्रियता को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।