चमोली/ मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय गोपेश्वर में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्यरत कुसुम लता उनियाल के अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में संस्थान परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में संस्थान के प्राचार्य एवं प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कुसुम लता उनियाल के दीर्घकालीन शासकीय सेवाकाल में किए गए कार्यों एवं उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमती उनियाल ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ किया। उनके कार्य करने की शैली, अनुभव और सहयोगी व्यवहार से सहकर्मियों को हमेशा प्रेरणा मिली।
सारस्वत ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया चरण है। उन्होंने श्रीमती उनियाल के उज्ज्वल, सुखमय, दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवा के दौरान अर्जित अनुभव एवं उपलब्धियां सदैव स्मरणीय रहेंगी।इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रीमती उनियाल के सेवाकाल से जुड़े अनुभवों को साझा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती ने उनके सरल, सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करने का अनुभव सभी के लिए सुखद एवं प्रेरणादायी रहा। विदाई के अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कुसुम लता उनियाल ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली के प्राचार्य सहित समस्त संस्थान परिवार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान सहकर्मियों एवं अधिकारियों से मिले सहयोग और स्नेह को वह सदैव याद रखेंगी। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह के अंत में संस्थान परिवार की ओर से कुसुम लता उनियाल को शुभकामनाएं एवं स्मृति-चिह्न/उपहार भेंट कर उनके सुखद, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण आगामी जीवन की मंगलकामना की गई।