चमोली/ गोपेश्वर में शनिवार को लगभग एक घंटे तक हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश का पानी सड़कों पर जमा होने के साथ तेज बहाव में बहने लगा। देखते ही देखते सड़कें गदेरो में तब्दील हो गईं। होटल और दुकानों में गंदा पानी घुस गया। तेज बारिश के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जगह सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को संभलकर निकलना पड़ रहा था। अचानक हुई बारिश से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बारिश थमने के बाद पानी की निकासी होने पर स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में आज मौसम विभाग की ओर से तेज दौर की बारिश की चेतावनी दी गई थी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश होने का अनुमान है। आने वाले दिनों की बात करें तो करें तो सप्ताह भर राज्य में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।