चमोली/ जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त दीवार अचानक भरभराकर गिर गई जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया परन्तु रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी बीच डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि अचानक कमजोर हो चुकी दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई और वे मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया
लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद अस्पताल परिसर में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने जर्जर दीवार की वक्त रहते मरम्मत न होने पर भी सवाल उठाए हैं।