देहरादून/ मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार को संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में उत्तराखंड के दो वीर जवान शहीद हो गए। ड्यूटी के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले दोनों जवानों की शहादत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया साथ ही पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों वीर जवानों के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उखरुल जिले में सोमवार दोपहर असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। मणिपुर पुलिस के मुताबिक हमले में असम राइफल्स के वारंट ऑफिसर (जीडी) बलवंत सिंह और हवलदार (जीडी) चंद्रमोहन सिंह शहीद हो गए।शहीद वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह अल्मोड़ा जिले के निवासी थे जबकि हवलदार चंद्रमोहन सिंह पौड़ी गढ़वाल जिले से ताल्लुक रखते थे। दोनों जवानों का पोस्टमार्टम मणिपुर के उखरुल में किया जा रहा है। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर उत्तराखंड लाए जाएंगे। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि हमला नुंगशांग कोंग के समीप उस वक्त हुआ जब जवान ड्यूटी पूरी करके शांगशाक बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे।
संदिग्ध हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों से गोलीबारी की और आईईडी विस्फोट भी किए। हमले के बाद क्षेत्र में कई घंटे तक सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच कार्रवाई जारी रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मणिपुर में मातृभूमि की रक्षा करते हुए देवभूमि उत्तराखंड के वीर सपूत असम राइफल्स के वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और हवलदार चंद्रमोहन सिंह के वीरगति को प्राप्त होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।
यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में हुआ 54 लाख का गबन पुलिस ने कैशियर को गिरफ्तार कर भेजा जेल।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से दोनों वीर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।