चमोली/ भारतीय जनता पार्टी के चमोली संगठन में चल रही अंदरूनी खींचतान अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के हालिया चमोली दौरे और दिशा की बैठक से जुड़े वायरल वीडियो ने जिले की सियासत में हलचल तेज कर दी है। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा संगठन के अंदर सबकुछ ठीक न होने की चर्चाएं तूल पकड़ने लगी हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कार्यकर्ताओं की नाराजगी अव्यवस्था और नेताओं के बीच दूरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि सांसद के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक और कार्यकर्ताओं को लंबे वक्त तक इंतजार करना पड़ा जिससे संगठन के अंदर असंतोष खुलकर सामने आया।
कई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यक्रमों में जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। वहीं दिशा बैठक और सांसद के कार्यक्रमों से जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी ने भी राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी। इसे पार्टी के अंदर गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संगठन के अंदर स्थानीय वर्चस्व और टिकट की राजनीति को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
मामला उस वक्त और विवादित हो गया जब सांसद के करीबी माने जाने वाले विपिन कैथोला पर पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगे। इस घटना के वीडियो और चर्चाओं ने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ लिया। पत्रकार संगठनों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए नाराजगी जताई है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो और चर्चाओं ने चमोली भाजपा की अंदरूनी राजनीति को सार्वजनिक बहस का विषय बना दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस बढ़ती नाराजगी और गुटबाजी को किस तरह संभालता है।