रुद्रप्रयाग/ बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ गांव में 28 अगस्त को आई विनाशकारी आपदा के बाद लापता लोगों की तलाश अब भी जारी है। राहत और बचाव दलों को लगातार सफलता मिल रही है।
शुक्रवार को दो शव मिलने के बाद शनिवार को मलबे से पाँच और शव निकाले गए जिससे इस आपदा में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हालांकि अब भी दो लोग लापता बताए जा रहे हैं जिनकी खोज के लिए प्रशासन की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने रात के वक्त आई इस भीषण आपदा ने छेनागाड़ कस्बे के अधिकांश हिस्से को मलबे में तब्दील कर दिया था। इस हादसे में कुल नौ लोग लापता हो गए थे जिनमें पाँच स्थानीय निवासी और चार नेपाली मूल के लोग शामिल थे। पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया आपदा के बाद से ही लगातार सर्च अभियान चल रहा था। मौसम अनुकूल होते ही बड़े बोल्डरों पर ब्लास्टिंग कर खोज अभियान को गति दी गई। दो दिनों में सात शव बरामद किए गए हैं।
बरामद शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अब तक केवल एक शव की शिनाख्त हो पाई है। सभी शवों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है जहां पोस्टमार्टम के बाद पहचान सुनिश्चित की जाएगी। रजवार ने बताया कि शेष दो लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए प्रशासन पुलिस एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय टीमें लगातार डटी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितिया बेहद कठिन हैं लेकिन हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अंतिम व्यक्ति के अवशेष मिलने तक खोज अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन राहत और पुनर्वास के हर संभव कदम उठा रहा है।