उत्तरकाशी/ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है भटवाड़ी तहसील के ग्राम औंगी में रविवार शाम लगभग 5 बजे घास और चारा पत्ती जुटाने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला बोल दिया जिससे महिला की मौत हो गई।
प्राप्त मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम औंगी निवासी बिनीता राणा उम्र 36 वर्ष पत्नी सत्येन्द्र सिंह राणा अपने गांव की कुछ महिलाओं के साथ औंगी के जंगल में घास काटने गई थीं। इस बीच अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से भयभीत होकर महिला पहाड़ी की ओर भागी लेकिन बीच वह फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग के साथ ही पुलिस को दी। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।
मृतका का विवरण
नाम- बिनीता राणा
पत्नी – श्री सत्येन्द्र सिंह राणा
उम्र- 36 वर्ष
निवासी- ग्राम औंगी, तहसील भटवाड़ी, जनपद उत्तरकाशी
स्थानीय लोगों ने बताया कि औंगी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से भालू के देखे जाने की घटनाएं बढ़ी हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।