देहरादून/ उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मई महीने में ही बारिश कहर बरपा रही है राज्य में मई में शनिवार तक 78.2 मिमी बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 59% अधिक है। इस बीच राज्य के पर्वतीय जिलों में रविवार को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में 28 मई तक बारिश का मौसम रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक केरल के बाद उत्तराखंड में भी मानसून इस बार तय समय से पहले आ सकता है।
मानसून ने अपने तय समय से आठ दिन पहले शनिवार को केरल में दस्तक दे दी। इससे राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। इस वर्ष मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इससे पहले 2009 में मानसून का आगमन 23 मई को हुआ था। उन्होंने बताया कि इसके जल्द तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में पहुंचने की संभावना है। मानसून एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पुर्वोत्तर राज्यों जबकि चार जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है।