देहरादून/ उत्तराखंड में आज के ताजा मौसम का पूर्वानुमान उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में घने बादल छाने के साथ ही बारिश का दौर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के अंदर राजधानी देहरादून सहित राज्य के तमाम हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई सबसे ज्यादा कालसी में 32 मिमी और नरेंद्र नगर में 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज 13 अगस्त बुधवार को राज्य के आठ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है वहीं पांच जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी को देखते हुए आज राज्य के 9 जिलों के स्कूलों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
तीन राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 150 सड़कें बंद
राज्य में बारिश के बाद मलबा आने से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 150 सड़कें बंद हैं। जिससे तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में 17, अल्मोड़ा और बागेश्वर में आठ-आठ, चमोली में 17, देहरादून में 15, हरिद्वार में एक, नैनीताल में 5, पौड़ी-पिथौरागढ़ में 20-20, रुद्रप्रयाग में 22 और टिहरी जिले में 17 सड़कें बंद हैं।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया 13 से 15 अगस्त तक राज्य में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।
ऐसे में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन होने की भी आशंका है। हिदायत देते हुए कहा कि बारिश के वक्त नदी-नालों के आसपास न जाएं और आवश्यक न हो तो पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने से भी बचें।