उत्तराखंड में यहां दिन दहाड़े हुई फायरिंग में 3 लोगों को किया गया गिरफ्तार, बहन की शादी टूटने से आहत युवक लेना चाहता खूनी बदला।

न्यूज 13 प्रतिनिधि देहरादून

देहरादून/ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां पुराने लेन-देन की रंजिश में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।यह घटना 24 सितंबर की है जब अमान चौधरी नाम के युवक ने राजपुर थाने में तहरीर दी कि वाटिका सोसाइटी मसूरी रोड के समीप कुछ अज्ञात कार सवारों ने उस पर फायर झोंक दिया। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चलाई परन्तु वह बाल-बाल बच गया।

यह भी पढ़ें 👉 गढ़वाल-कुमाऊं के बीच चलने वाली आख़री हवाई सेवा भी हुई बंद पंतनगर-देहरादून हवाई से हुई बंद।

शिकायत के बाद राजपुर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया जिन्होंने घटनास्थल और आस-पास के क्षेत्रों में लगे लगभग 250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बड़ा मोड़ ओल्ड मसूरी रोड के समीप से तीन आरोपियों- आसिफ कुरैशी उर्फ आशु, शुभम सती और शाहरुख हुसैन – को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया जिसके आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी आसिफ कुरैशी ने बताया कि उसने लगभग एक साल पहले अमान चौधरी को 15.35 लाख रुपये उधार दिए थे लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं मिले।

यह भी पढ़ें 👉 चैतन्यानंद पर अश्लील मैसेज भेजने व जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के 17 लड़िकयों ने लगाया आरोप अब तक 31 लड़कियों के बयान दर्ज।

इस आर्थिक तनाव की वजह से आसिफ की बहन की शादी टूट गई जिससे वह बेहद आहत था। कुछ दिन पहले उसे सूचना मिली कि अमान चौधरी देहरादून आया है। इस पर आसिफ ने अपने साथियों – शुभम सती, शाहरुख हुसैन और सोहेल (जो अभी फरार है) – के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई। घटना वाली रात जब अमान चौधरी अपनी थार गाड़ी से सिनोला तिराहे की ओर जा रहा था इसी बीच आरोपियों ने उसे घेर लिया। उसी दौरान शुभम सती ने अपने पास रखी पिस्टल से उस पर गोली चला दी लेकिन सौभाग्यवश अमान सुरक्षित बच गया। पूछताछ में इस साजिश में चौथे आरोपी सोहेल का नाम भी सामने आया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *